पंजाब में हर परिवार को मिलेगा ₹10 लाख का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा, पंजाब सरकार का बड़ा एलान
चंडीगढ़: पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है जो अपने सभी नागरिकों को पूरी तरह मुफ्त स्वास्थ्य बीमा सुविधा देगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने इस दिशा में बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर मिलेगा, जिसमें सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज की सुविधा शामिल होगी।
इस नई योजना के तहत पंजाब के लगभग 65 लाख परिवारों को कवर किया जाएगा। योजना का लाभ सभी वर्गों को मिलेगा – चाहे वह गरीब हो या मध्यम वर्ग। इससे पहले अधिकतर परिवार निजी बीमा कंपनियों से स्वास्थ्य बीमा करवाते थे, जिसके लिए उन्हें हर साल हजारों रुपये प्रीमियम देना पड़ता था, लेकिन अब ये पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड के ज़रिए कोई भी व्यक्ति राज्य के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करवा सकेगा। इलाज का खर्च सरकार देगी। हर व्यक्ति के नाम पर एक हेल्थ कार्ड बनेगा जो अस्पताल में इलाज के वक्त दिखाना होगा। योजना के लागू होने के बाद निजी अस्पतालों की आधुनिक सुविधाएं भी आम लोगों की पहुंच में होंगी।
सरकारी कर्मचारी और रिटायर्ड स्टाफ भी होंगे कवर
इस योजना का लाभ पंजाब के सभी सरकारी कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, आशा वर्कर और आंगनवाड़ी वर्कर को भी मिलेगा। योजना के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया सरल रखी गई है। आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे दस्तावेजों के आधार पर कोई भी व्यक्ति अपना मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनवा सकेगा।
पंजाब बनेगा देश का पहला ऐसा राज्य
यह योजना अपने आप में अनोखी है क्योंकि देश के किसी भी राज्य में अब तक सभी नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त हेल्थ कवर नहीं दिया गया है। जहां दूसरे राज्यों में सिर्फ गरीबी रेखा से नीचे (BPL) वाले परिवारों को ही इलाज की सुविधा दी जाती है, वहीं पंजाब में सभी परिवारों को यह लाभ मिलेगा।
Read This Too-8 July सुबह धड़ाम से गिरा सोने का भाव, चंडीगढ़ में औंधे मुंह लुढ़का आज का रेट! Gold Rate Today
मसलन, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों में सीमित वर्ग को ही कवर किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार द्वारा लागू बीमा योजना में सिर्फ BPL और कुछ विशेष श्रेणियों के लिए 5 लाख रुपये का बीमा है। लेकिन पंजाब सरकार की यह योजना सभी वर्गों को बिना भेदभाव के हेल्थ कवर देने जा रही है, जिससे राज्य के 3 करोड़ लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
इस नई पहल के साथ पंजाब अब न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में पहला राज्य बन जाएगा जो अपने हर नागरिक को मुफ्त और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुरक्षा देने जा रहा है।