HSSC Group C भर्ती रद्द: 8,653 पदों पर लगी ब्रेक, युवाओं को बड़ा झटका
नई दिल्ली – हरियाणा के हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए बुरी खबर सामने आई है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने ग्रुप C के 8,653 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। इस संबंध में आयोग ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सभी पुराने विज्ञापनों को वापस लेने की पुष्टि की है। सरकार के 16 मई 2025 के आदेश के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है।
अब इन पदों पर भर्ती के लिए नया विज्ञापन CET-2025 परीक्षा के बाद ही जारी किया जाएगा। हालांकि, राहत की बात ये है कि जो उम्मीदवार पहले से पात्र माने गए थे, उन्हें अगली प्रक्रिया में भी पात्र माना जाएगा। वहीं ग्रुप C के 133 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी।
चुनाव से पहले भर्तियों पर उठा था विवाद
इन भर्तियों को विधानसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले निकाला गया था। इसके बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर चुनावी फायदे के लिए जल्दबाज़ी में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आरोप लगाया था। इस पूरे मुद्दे पर विवाद इतना बढ़ा कि सरकार को अब इस पूरी प्रक्रिया को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा है।
CET नियमों में भी किया गया बड़ा बदलाव
भर्तियों के रद्द होने के साथ ही सरकार ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) 2025 के नियमों में भी अहम संशोधन किया है। पहले तक भर्ती के लिए 4 गुना उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाता था, लेकिन अब इस संख्या को बढ़ाकर 10 गुना कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से अधिक से अधिक योग्य युवाओं को सरकारी नौकरी की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
HSSC ने साफ कर दिया है कि ग्रुप C की नई भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से नए मानकों और पारदर्शी सिस्टम के तहत शुरू की जाएगी। इससे पहले जो उम्मीदवार योग्य माने गए थे, उन्हें नए विज्ञापन में फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें सीधे पात्रता दी जाएगी।
अब क्या होगा आगे?
अब सभी उम्मीदवारों की निगाहें CET-2025 पर टिकी हैं। इसके बाद ही 8,653 पदों के लिए नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार इस बार भर्ती प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दे रही है, ताकि युवाओं का भरोसा दोबारा कायम हो सके।